सुहवल। थाना क्षेत्र के एक गांव की महिला ने शुक्रवार को थाने में अपनी पुत्री के अपहरण के मामले में एक युवक के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कराया है। छात्रा की मां ने तहरीर में लिखा है कि दो दिन पूर्व उसकी पुत्री घर से सामान लेने दुकान पर गई थी। काफी समय बाद जब वह वापस नहीं लौटी तो परिवार के लोगों ने उसकी खोजबीन की। उसका कहीं पता नहीं चला। आरोप लगाया कि क्षेत्र का एक युवक उसे शादी का झांसा देकर बहला-फुसलाकर भगा ले गया। गांव के ही कुछ लोगों ने बताया कि एक युवक उसे बाइक पर बैठा कर ले गया है। इस संबंध में प्रभारी थानाध्यक्ष केपी सिंह ने बताया कि नाबालिग छात्रा के अपहरण के मामले में उसकी मां की तहरीर के आधार पर भांवरकोल थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी एक युवक के खिलाफ पाक्सो एक्ट एवं अपहरण का नामजद मुकदमा दर्ज किया गया है। बताया कि आरोपी की तलाश जारी है। जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।