अमर उजाला ब्यूरो
तालग्राम (कन्नौज)। तीन दिन से लापता युवक की प्रेम प्रसंग में हत्या की आशंका जाहिर की गई है। परिजनों की शिकायत पर छिबरामऊ और तालग्राम पुलिस अपने क्षेत्र की घटना न होकर टालमटोल कर रही है। इससे युवक के परिजन परेशान हैं।
तालग्राम थाना क्षेत्र के गांव सलेमपुर गांव निवासी सोनू (25) पुत्र मिट्ठूलाल 10 जुलाई की सुबह घर में था। किसी का फोन आने के बाद परिजनों को बगैर कुछ बताए वह कहीं चला गया। तभी से लापता है। फोन बंद होने से कुछ पता नहीं चल सका।
बुधवार को सोनू के बड़े भाई रवि कुमार के पास छिबरामऊ कोतवाली क्षेत्र के गांव महमूदपुर जांगीर निवासी रिश्तेदार ने फोन कर सोनू के सुसाइड करने की सूचना दी। मौके पर पहुंचने के बाद रिश्तेदार कुछ भी बताने को तैयार नहीं हुआ। सोनू के भाई रवि ने बताया कि सोनू एक लड़की से प्यार करता है। इसी चक्कर में उसकी हत्या कर दी गई है। रवि कुमार ने छिबरामऊ और तालग्राम थाना प्रभारी को मामले की जानकारी देते हुए कार्रवाई की मांग की, लेकिन दोनों थाना प्रभारियों ने क्षेत्र की घटना न बताकर उन्हें टरका दिया।
तालग्राम थाना प्रभारी तारिक खान ने बताया कि कुछ लोग आए थे, लेकिन उन्होंने तहरीर नहीं दी थी। जानकारी मिलने के बाद लापता युवक के परिजन औरैया के बिधूना थाना क्षेत्र के गांव कछपुरा में रहने वाले एक रिश्तेदार के घर सोनू को तलाश करने की बात कह कर थाने से रवाना हो गए। तहरीर मिलने के बाद कार्रवाई की जाएगी।
- तालग्राम, छिबरामऊ पुलिस क्षेत्र की घटना न बताकर कर रही टालमटोल