कन्नौज। छापेमारी के दौरान विद्युत विभाग की टीम पर हमले के मामले में जेई ने सात ग्रामीणों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। वहीं घायल हुए दो कर्मचारियों का पुलिस ने मेडिकल परीक्षण कराया।
अवर अभियंता रमेश मौर्य ने रविवार को सदर कोतवाली में गोसाईदासपुर निवासी प्रितू पुत्र भइयालाल, भइयालाल, दिनेश यादव पुत्र बुलाखी, श्रीराम पुत्र बनवारी लाल, नाहर सिंह यादव पुत्र राम नरेश, ननकू पुत्र बनवारी समेत मंशाराम पुत्र गया प्रसाद के खिलाफ सदर कोतवाली में पथराव कर बिजली टीम और विजलेंस टीम पर हमले का मुकदमा दर्ज कराया। जेई ने बताया कि शनिवार की शाम को वह लोग गोसाईदासपुर में छापेमारी करने गए थे। तभी उक्त लोगों ने टीम के साथ मारपीट कर पथराव कर दिया था। इसमें लाइनमैन आनंद कुमार और सदन कुमार घायल हो गए थे। पुलिस ने दूसरे दिन दोनों का मेडिकल परीक्षण किया। कोतवाल विनोद कुमार मिश्रा ने बताया कि आरोपियों की तलाश में छापेमारी की जा रही है।