मल्लावां। कोतवाली क्षेत्र के गांव गंजजलालाबाद में कराए जा रहे निर्माण कार्य को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। एक पक्ष ने युवक को पीट दिया। पुलिस ने निर्माण कार्य रुकवाकर दोनों पक्षों से नौ लोगों को हिरासत में लिया है।
ग्राम गंजजलालाबाद निवासी राजाराम पुत्र रामदयाल गांव में मकान का निर्माण करा रहा है। पास ही धर्म स्थल है। धर्मस्थल जाने वाले रास्ते पर निर्माण होने की जानकारी मिलने पर दूसरे समुदाय के लोगों ने रविवार सुबह चौकी पहुंचकर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर जाकर निर्माण कार्य बंद करा दिया। इससे नाराज राजाराम के पक्ष के लोगों ने रविवार दोपहर धार्मिक स्थल के पास से गुजर रहे युवक को रोककर उसके साथ मारपीट की। दोनों पक्ष के लोग आमने-सामने आ गए।
लोगों ने बताया कि 11 अक्तूबर को धार्मिक स्थल को जाने वाले रास्ते को लेकर दोनों पक्षों का समझौता हो चुका है। तय हुआ था कि राजाराम मकान के आगे निर्माण कार्य नहीं कराएगा, लेकिन रविवार सुबह उसने फिर से निर्माण कार्य शुरू करा दिया। बताया कि उन लोगों ने शिकायत की, जिस पर पुलिस ने निर्माण कार्य बंद करा दिया। इससे नाराज दूसरे पक्ष के लोगों ने अब्बास नाम के युवक को बेवजह रास्ते में रोककर मारापीटा। पुलिस ने लोगों को समझाया। मौके से नौ लोगों को हिरासत में लिया। कोतवाल दीपक सिंह रघुवंशी ने बताया कि समझौते के बाद भी रास्ते की जमीन पर निर्माण कराने की शिकायत मिली थी, जिसके कारण काम बंद कराया गया था। अभी तक किसी पक्ष से तहरीर नहीं मिली है।