डीसीएम सवार एक दर्जन सशस्त्र बदमाशों ने धान बिक्री करने जा रहे तीन किसानों को लूट लिया। बदमाश नकदी, मोबाइल, समेत धान के 105 बोरे लूट ले गए। मामले की रिपोर्ट थाने में दर्ज कराई गई है।
ठठिया थाना क्षेत्र के गांव जुर्रा पुरवा निवासी सर्वेश, हरवंश और बहादुर ट्रैक्टर से 105 बोरा धान हरदोई जनपद बेचने जा रहे थे। ट्रैैक्टर अल्लागंज गांव के सामने पहुंचा था, तभी पीछे से एक डीसीएम ओवरटेक करते हुए आगे निकली। सड़क पर बीचोबीच डीसीएम खड़ी कर उसमें से एक दर्जन बदमाश असलहों से लैस होकर उतरे।
उन्होंने असलहे लगाकर तीनों किसानों की जमकर पिटाई की। साथ ही उनके पास मौजूद छह हजार रुपये की नकदी, ट्रैक्टर की बैटरी, दो मोबाइल के अलावा ट्राली में लदे 105 बोरे धान भी डीसीएम में लादकर फरार हो गए।
मालूम हो कि ठठिया क्षेत्र के बार्डर पर लगे कानपुर देहात के विसधन क्षेत्र में डीसीएम सवार बदमाशों का कहर किसानों पर जारी है। वहां पर इससे पहले भी डीसीएम सवार बदमाश कई अन्य किसानों को भी इसी तरह से लूट चुके हैं। पुलिस ने लूट के इस मामले को हल्के में लेकर चोरी की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।