लक्ष्मीनगर स्थित बीके मेमोरियल प्राथमिक और जूनियर हाईस्कूल में 3.39 लाख रुपये छात्रवृत्ति का गबन सामने आया है। जिला समाज कल्याण अधिकारी ने स्कूल प्रबंधक के खिलाफ आरसी जारी कर दी है।
जानकारी के अनुसार लक्ष्मी नगर बीके मेमोरियल प्राथमिक विद्यालय और जूनियर हाईस्कूल में वित्तीय वर्ष 2010-11, 2011-12 और 2012-13 के दौरान छात्रवृत्ति जारी की गई।
प्राथमिक विद्यालय में ओबीसी के 501 छात्र-छात्राओं के लिए 1.51 लाख, सामान्य जाति के 44 छात्र-छात्राओं के लिए 13200 रुपये और अनुसूचित जाति के 204 छात्र-छात्राओं के लिए 61200 रुपये बतौर छात्रवृत्ति मिले। इसी प्रकार जूनियर हाईस्कूल में ओबीसी के 168 छात्र-छात्राओं के लिए 80640 रुपये, सामान्य वर्ग 56 छात्रों के लिए 26680 रुपये और एससी के 41 छात्रों के लिए छात्रवृत्ति मिली।
विद्यालय प्रबंधन द्वारा छात्रवृत्ति वितरण न किए जाने की शिकायत पर डिप्टी कलक्टर जयशंकर त्रिपाठी ने जांच की। इसमें 3.39 लाख रुपये का गबन सामने आया। पूर्व में की गई नोटिस की कार्रवाई के बाद अब जिला समाज कल्याण अधिकारी डा. उमाशंकर शर्मा ने प्रबंधक सौदान सिंह के खिलाफ आरसी जारी कर दी है।