उमर्दा/इंदरगढ़। पत्नी के मायके से न आने पर युवक ने गांव के बाहर पेड़ से फांसी लगाकर जान दे दी। कमीज के फंदे से शव लटका देख ग्रामीणों ने परिजनों व पुलिस को सूचना दी। पुलिस का कहना है कि परिजन आत्महत्या बता रहे हैं। मामले की जांच की जा रही है।
इंदरगढ़ थाना क्षेत्र के रत्नापुर गांव निवासी श्रीराम उर्फ बबलू (22) की साल भर पहले शादी हुई थी। परिजनों के मुताबिक शादी के कुछ दिनों बाद ही पत्नी मायके चली गई। कई बार बुलाने के बाद भी वह ससुराल नहीं आ रही थी। इससे बबलू परेशान रहता था। बड़े भाई जितेंद्र ने बताया कि गुरुवार रात बबलू घर से निकला था।
शुक्रवार सुबह गांव के बाहर पूर्व माध्यमिक विद्यालय के पास पेड़ से उसका शव लटका मिला। पत्नी के मायके से न आने के कारण बबलू काफी परेशान था। वह पहले भी दो मर्तबा जहरीला पदार्थ खाकर जान देने का प्रयास कर चुका है। उपनिरीक्षक मुनेश यादव का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट देखी जाएगी।