सौरिख। शुक्रवार से लापता युवक का शव सौरिख थाना क्षेत्र के उड़ेलापुर गांव में चीड़ के पेड़ पर शर्ट से बने फंदे पर लटका मिला। बहन ने शव की शिनाख्त की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
थाना क्षेत्र के ईजलपुर निवासी सुरेंद्र सिंह पाल दिल्ली के उत्तमनगर में एक प्राइवेट कंपनी में लोहा काटने का काम करते हैं। उनका पुत्र अरिंद कुमार उर्फ टीटू (20) दिल्ली के उत्तमनगर में उनके साथ ही रहता था। गांव में उसकी मां सरोजनी देवी, बहन काजल, गायत्री और छोटा भाई योगेश रहता है। बीते गुरुवार को ही टीटू दिल्ली से गांव आया था। बहन गायत्री के मुताबिक शुक्रवार को टीटू घर से बिना कुछ बताए चला गया था। काफी तलाशने के बाद भी उसका पता नहीं चला।
रविवार दोपहर उड़ेलापुर और सराय प्रताप गांव के बीच एक खेत में लगे चीड़ के पेड़ पर शर्ट से बने फंदे में युवक का शव लटका देख ग्रामीणों की भीड़ लग गई। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। इसी दौरान पहुंची गायत्री देवी ने शिनाख्त अपने भाई टीटू के रूप में की।
कई बिंदुओं पर चल रही पुलिस की जांच
घटना के कारण को लेकर परिजन कुछ नहीं बता पाए। पुलिस भी जांच अलग-अलग बिंदुओं पर कर रही है। दरअसल, शव तीन दिन पुराना होने के कारण मौके से काफी बदबू आ रही थी। शव में कीड़े भी पड़ चुके थे। जहां शव लटक रहा था वहां काफी खून भी पड़ा था, जो काला पड़ चुका था। टीटू के परिजनों का कहना है कि शुक्रवार को जब वह बिना बताए घर से निकला था तो बाद में पता चला था कि गांव का एक युवक ट्रैक्टर से गांव के ही एक व्यक्ति का खेत जोतने के लिए उसे बुुुुला ले गया था। युवक गांव में ही है।
शराब व कोल्डड्रिंक की खाली बोतलें भी मिली
जिस पेड़ पर शव लटक रहा था, उससे कुछ दूरी पर शराब और कोल्डड्रिंक की खाली बोतल व नमकीन के खाली पैकेट पड़े हुए थे। इसको लेकर गांव के लोगों में अलग-अलग चर्चाएं हैं। फिलहाल हत्या या आत्महत्या की गुत्थी पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही सुलझ सकेगी।
बहन गायत्री से जानकारी लेते पुलिस कर्मी। संवाद- फोटो : CHIBRAMAU