कन्नौज। जीटी रोड पर तड़के हुए हादसे ने शादी की खुशियों को मातम में बदल दिया। डोली से पहले पिता और मौसा की अर्थी उठ गई। हाथों में मेहंदी लगाए मंडप में बैठने से पहले दुल्हन का परिवार बिखर गया। वहीं बेटी के हाथ पीले करने के बाद बेटी की विदाई से पहले ही पिता जिंदगी से विदा हो गया।
बहराइच के थाना हजूरपुर भगुइया निवासी पवन कुमार सोनी ने बड़े अरमानों से बेटी पूजा की शादी कमालगंज के कड़हार में रहने वाले राहुल से तय की थी। यह मेहनत मजदूरी करते थे। लोडर में टैंकर की टक्कर से पल भर में शादी की खुशियों की जगह मातम पसर गया। एक पल में पूरा परिवार बिखर गया। पवन कुमार ने घटनास्थल पर दम तोड़ दिया। मेडिकल कालेज में पप्पू की मौत हो गई। इसके अलावा घायल रीतू, मंजू और चालक रामू को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। इसी बीच राहुल के परिजन आ गए। यह दुल्हन पूजा के साथ मां व कुछ लोगों को अपने साथ ले गए। पोस्टमार्टम के बाद परिवार के लोग दोनों शव लेकर लखनऊ के लिए रवाना हो गए।
दूल्हा राहुल की नानी राजेश्वरी बहराइच के गुदली मोहल्ले में रहती हैं। उन्होंने राहुल की शादी पूजा से तय कराई है। बरात में शामिल होने के लिए राजेश्वरी भी लोडर से पूजा के साथ आ रही थीं। हादसे में यह भी चुटहिल हो गईं।
हादसे के दौरान गुजर रहे एक राहगीर ने यूपी 112 को फोन कर करीब सात लोगों की मौत की खबर दे दी। तत्काल लखनऊ से एसपी अमरेंद्र प्रसाद को हादसे की जानकारी दी गई। इससे कोतवाली पुलिस के साथ करीब पांच एंबुलेंस मौके पर पहुंच र्गइं।
हादसे के दौरान लोडर में करीब सात बच्चे सवार थे। हादसे के बाद पूरा परिवार बिखर गया। दोपहर दो बजे तक जिला अस्पताल में मृतक पवन और पप्पू के बच्चे भूख-प्यास से बिलखते रहे। इनकी किसी ने सुध नहीं ली। बाद में जिला अस्पताल के स्टाफ ने कैंटीन से खाना लेकर बच्चों को खिलवाया।