कन्नौज। शहर में रहने वाले हकीम को जड़ी-बूटी बेचने झांसा देकर मामा-भांजे ने लाखों रुपये ठग लिए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।
शहर के मोहल्ला बीबी चिमनी निवासी हरिश्चंद्र सैनी हकीम हैं। सोमवार को उन्होंने बाराबंकी के थाना फतेहपुर के रम्पुरा भरौली निवासी संकेत कुमार और सीतापुर के थाना बिसवां के लखवा भोजी निवासी उसके भांजे बाल कुमार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। इसमें बताया कि वह सीतापुर के थाना रामपुर मदारीपुर शंकरपुर निवासी हर्षित कुमार के साथ मिलकर थोक में जड़ी-बूटी खरीदता है।
इन लोगों ने 15 जून को बीबी चिमनी, कन्नौज में स्थित उसके घर आकर 40 क्विंटल जड़ी-बूटी बेचने का झांसा देकर दो लाख 48 हजार रुपये ले लिए। रुपये लेने के बाद भी जड़ी-बूटियां नहीं दीं। जब रुपये लौटा देने के लिए कहा तो जान से मारने की धमकी दी। कोतवाली प्रभारी आलोक कुमार दुबे ने बताया कि मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।