तालग्राम। ठठिया थाना क्षेत्र के जैनपुर कोठी में आपत्तिजनक टिप्पणी का विरोध करने पर युवकों ने मिठाई विक्रेता को पीट दिया। दुकान में तोड़फोड़ कर लूटपाट भी की। शुक्रवार को सरेआम हुई घटना से सनसनी फैल गई। पुलिस ने चार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
जैनपुर कोठी निवासी मुकेश बाथम की घर के बाहर मिठाई की दुकान है। मुकेश बाथम ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि गांव के चांद अहमद, शकील, शोएब और निसार अहमद उसकी दुकान में घुस आए। आपत्तिजनक टिप्पणी करने लगे। विरोध करने पर उसे पीट दिया। बचाने आई पत्नी सुमन देवी और साले विकास को भी पीट दिया। इसके बाद दुकान की गोलक में रखे चार हजार रुपये और पत्नी के गले से सोने की चेन तोड़ ली और दुकान में भी तोड़फोड़ की। थाना प्रभारी पीएन वाजपेयी ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।