तालग्राम। दहेज में बाइक न मिलने पर पति ने परिवार के लोगों के साथ पत्नी को तीन बार तलाक बोलकर पीटा और घर से निकाल दिया। पुलिस ने पति समेत छह लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
ठठिया थाना क्षेत्र के दौलतपुर गांव निवासी मोबीन ने बेटी रहनुमा की शादी कोतवाली छिबरामऊ के मोहल्ला जेर किला नई बस्ती निवासी सोहेल के साथ 25 नवंबर 2021 को की थी। रहनुमा ने गुरुवार को पति सोहेल, ससुर जमील, सास रूबी, ननद मुस्कान, देवर ऐजाज और इमरान के खिलाफ ठठिया थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। इसमें बताया कि दहेज में पांच लाख रुपयों की मांग पूरी न होने पर पति ने तीन बार तलाक बोला दिया। इसके बाद अन्य ससुराल वालों के साथ पीटकर घर से निकाल दिया। थाना प्रभारी पीएन वाजपेयी का कहना है कि मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।