गुरसहायगंज। लस्सी मिलने में देरी से नाराज सिपाही ने दुकानदार को पीट दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सिपाही को हिरासत में ले लिया। बाद में दोनों पक्षों में समझौता हो गया।
कस्बे के मोहल्ला इंदिरा नगर निवासी शिवम चौरसिया की चौराहा के पास लस्सी की दुकान है। रविवार रात करीब नौ बजे यूपी 112 में ट्रेनिंग कर रहा एक सिपाही सादे कपड़ों में दुकान पर पहुंचा और बगैर बर्फ की लस्सी मांगी। शिवम ने लस्सी देने में कुछ देर लगा दी। इससे खफा सिपाही ने शिवम को पीट दिया और दुकान से सामान भी फेंक दिया। मामले की जानकारी मिलते ही कोतवाली पुलिस पहुंच गई और सिपाही को कोतवाली ले आई। मौके पर कई अन्य व्यापारी भी पहुंच गए और घटना का विरोध किया। करीब दो घंटे बाद शिवम और सिपाही के बीच समझौता हो गया। कोतवाली प्रभारी राजकुमार सिंह ने बताया कि समझौता होने के बाद सिपाही को फटकार लगाते हुए कार्रवाई की चेतावनी देकर छोड़ दिया गया।