कन्नौज। ठठिया थाना क्षेत्र के गांव जैनपुर में राशन लेकर घर लौट रही युवती पर उसके ही जीजा ने एसिड अटैक किया था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने बताया कि वह साली से एक तरफा प्यार करता था। साली की शादी तय हो जाने पर उसने आक्रोश में आकर उस पर तेजाब फेंक दिया था।
गांव जैनपुर निवासी गुलसफा (20) गुरुवार दोपहर गांव निवासी एक युवती के साथ कोटेदार के यहां से राशन लेकर लौट रही थी। इस दौरान जैनपुर कोठी के पास अचानक आए बाइक सवार ने गुलसफा पर तेजाब फेंक दिया था। इससे वह झुलस गई थी। बाइक सवार युवक चेहरे और सिर पर गमछा बांधे था। सीसीटीवी फुटेज में बाइक नंबर के आधार पर पुलिस की छानबीन में सामने आया कि गुलसफा तेजाब फेंकने वाला उसका सगा जीजा कय्यूम निवासी फूलपुर सदर कोतवाली है।
ठठिया थाना प्रभारी प्रयाग नारायण वाजपेयी ने दबिश देकर कय्यूम को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि वह साली गुलसफा से एक तरफा प्यार करता है। कुछ दिन पूर्व गुलसफा की शादी तय हो गई थी। इससे उसने आक्रोशित होकर गुलसफा पर तेजाब फेंक कर झुलसा दिया था। तेजाब फेंकते समय आरोपी का हाथ और कपड़े भी झुलस गए थे।
मेडिकल कॉलेज में भर्ती गुलसफा को पीजीआई रेफर कर दिया गया। एसपी प्रशांत वर्मा ने बताया कि एसिड अटैक के आरोपी को जेल भेज दिया गया।