सौरिख। जिला पंचायत सदस्य के पिता पर फायरिंग के आरोपी अपराधी के घर पर बुलडोजर चलाकर दीवार व मुख्य गेट को ध्वस्त करवा दिया गया। पुलिस का कहना है कि आरोपी राहुल पर पहले से ही कई मुकदमे दर्ज हैं, जिसे मंगलवार को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया गया है।
थाना क्षेत्र के ग्राम परौर निवासी जिला पंचायत सदस्य भूपेंद्र शाक्य के पिता फूल सिंह पर अपराधी राहुल यादव ने अपने साथी श्रीपाल, अन्नू एवं सौरभ के साथ जान से मारने की नीयत से रविवार देर रात फायर कर दिया था। हमले में फूल सिंह बाल बाल बच गए थे। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने तीनों के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत किया था। उसी रात राहुल यादव के गांव खानपुर में बुलडोजर से उसके मकान की दीवार व मुख्य गेट का ध्वस्त कर दिया गया है। प्रभारी निरीक्षक मदनगोपाल गुप्ता ने बताया कि राहुल शातिर अपराधी है। इसके ऊपर पहले से कई संगीन मुकदमे दर्ज हैं।