तालग्राम/इंदरगढ़। साइकिल से कोचिंग जाते समय छात्र से बाइक सवार बदमाशों ने झपट्टा मार कर एंड्राइड मोबाइल फोन छीन लिया। छात्र ने पुलिस को तहरीर दी है।
तालग्राम थाना क्षेत्र के ताहपुर गांव निवासी प्रशांत कुमार सोमवार सुबह इंदरगढ़ कस्बे में कोचिंग पढ़ने साइकिल से जा रहा था। इसी दौरान महराला तिराहे के पास उसके मोबाइल पर किसी की काल आ गई। युवक साइकिल चलाते हुए मोबाइल पर बात करने में मशगूल हो गया। इसी बीच बाइक सवार दो बदमाशों ने झपट्टा मारकर छात्र से मोबाइल छीन लिया। मोबाइल छिनता देख युवक घबरा गया और चिल्लाना शुरू कर दिया। आवाज सुनकर कुछ लोग वहां पहुंचे तब-तब बाइक सवार बदमाश मोबाइल लेकर भाग गए। दोनों बदमाशों की पहचान नहीं हो सकी है। इस मामले में पीड़ित छात्र ने पुलिस को तहरीर दे दी है। इंदरगढ़ पुलिस का कहना कि जांच कर कार्रवाई की जाएंगी। (संवाद)