फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मिलावटी शराब कांड की मजिस्ट्रेटी जांच शुरू, टीम गठित

विज्ञापन
रोते-बिलखते परिजन। संवाद - फोटो : CHIBRAMAU
विज्ञापन
छिबरामऊ/कन्नौज। होली पर शराब पीने से हुई तीन लोगों की मौत के मामले में डीएम ने मजिस्ट्रेटी जांच के आदेश दिए हैं। जांच के लिए पांच सदस्यीय टीम गठित की गई है। इसमें पुलिस व प्रशासनिक अफसरों को शामिल किया गया है। मिलावटी शराब बिक्री करने के संदेह में पुलिस ने आठ लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। सोमवार को आईजी कानपुर प्रशांत कुमार ने गांव पहुंचकर मृतकों के परिजनों और हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ की।
विज्ञापन

होली के मौके पर शनिवार को कठाहार गांव निवासी अमित, उसके पिता जसकरन उर्फ कलक्टर और ताऊ राकेश की मौत हो गई थी। वहीं, घर आए रिश्तेदार अहिल्याहार रामनगर किशनी मैनपुरी निवासी पुष्पेंद्र की हालत बिगड़ गई थी। उसका इटावा के सैफई स्थित मेडिकल यूनिवर्सिटी में इलाज चल रहा है। परिजनों का आरोप है कि मिलावटी शराब पीने से तीनों की जान गई है। परिजनों ने कुछ लोगों पर कम रुपयों में मिलावटी शराब बिक्री करने का आरोप भी लगाया है। इस मामले में सोमवार को डीएम राकेश कुमार मिश्रा ने मजिस्ट्रेटी जांच के आदेश दिए हैं। एडीएम गजेंद्र सिंह की अध्यक्षता में एएसपी अरविंद कुमार, एसडीएम छिबरामऊ और सीओ छिबरामऊ की टीम गठित की है।
इधर, आईजी कानपुर जोन प्रशांत कुमार ने सोमवार को कठाहार गांव पहुंचे। मृतकों के परिजनों और पूछताछ के लिए हिरासत में लिए गए लोगों को तालग्राम थाने ले जाकर पूछताछ की। एसपी प्रशांत वर्मा ने बताया कि मृतक अमित का परिजनों ने बिना पोस्टमार्टम कराए अंतिम संस्कार कर दिया। अमित के पिता जसकरन की मौत की वजह पोस्टमार्टम में साफ नहीं हुई है। विसरा रखा गया है। हार्ट अटैक से मौत होना बताया गया है। राकेश की मौत के बारे में उन्हें जानकारी नहीं है। मौतों की वजह तलाशने के लिए जांच कराई जा रही है।
विज्ञापन

बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
अमित तीन बच्चों का पिता था। उसके एक बेटी काव्या और दो बेटे राज व ऋषभ है। पिता की मौत के बाद तीनों बच्चे गुमसुम खड़े सिर्फ आने वाले लोगों के चेहरे देखते रहे। इन बच्चों के सिर से पिता का साया उठ चुका है, जिसका दर्द उनके चेहरों पर छलक रहा है।
आंखों ने नहीं दिखाई दे रहा
होली पर रिश्तेदारी में आए पुष्पेंद्र ने भी शराब पी थी। शराब पीने के बाद उसकी हालत बिगड़ गई। परिजनों की मानें तो उसकी आंखों की रोशनी चली गई है। वह मेडिकल यूनिवर्सिटी सैफई में जिंदगी के लिए जूझ रहा है।
होली के त्योहार पर पवनी उठाने आया था गांव
जान गंवाने वाले जसकरन के भाई हंसराज ने बताया कि छह माह पहले उसके छोटे भाई प्रभूदयाल की पत्नी निर्मला की कैंसर व दूसरे छोटे भाई नीरज की मौत हो गई थी। इस कारण घर में गमी थी। होली के त्योहार पर उनके चचेरे भाई राकेश परिवार के साथ दिल्ली आए थे। पवनी के कारण ही उनका रिश्तेदार पुष्पेंद्र भी उनके घर आया था।
अमित और आरोपी के बीच थी गहरी दोस्ती
मृतक अमित और शराब पिलाने के आरोपी पड़ोसी गांव के युवक के बीच गहरी दोस्ती थी। दोनों मथुरा में रहकर प्लास्टिक दाना बनाने वाली एक फैक्ट्री में नौकरी करते थे। 16 मार्च को ही दोनों होली का त्योहार मनाने के लिए घर आए थे। अब शराब पीने से हुई अमित की मौत के बाद ग्रामीणों का संदेह उसी के दोस्त पर गहरा गया है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें