छिबरामऊ। कसाबा चौकी के ग्राम कठाहार में जहरीली शराब पीने से एक ही परिवार के पिता-पुत्र समेत तीन लोगों की मौत हो गई। पड़ोसी गांव के ही दो युवकों पर शराब में जहरीला पदार्थ घोलकर पिलाने का आरोप लगा है। रविवार देर रात एसपी गांव पहुंच और जांच की।
ग्राम कठाहार के रहने वाले जसकरन (56), उसके बेटे अमित (30) और बड़े भाई राकेश (70) ने शनिवार को शराब पी थी। शनिवार की रात सौ शैया अस्पताल में अमित को भर्ती कराया गया। जहां से उसे सैफई रेफर कर दिया गया, जहां उसकी मौत हो गई।
रविवार की दोपहर को जसकरन व राकेश की भी हालत बिगड़ गई। सैफई ले जाते समय दोनों ने दम तोड़ दिया। अमित की पत्नी आरती ने पड़ोसी गांव गागिन नगला के दो युवकों पर पति और दोनों ससुरों को शराब में जहर घोलकर पिलाने का आरोप लगाया है। पुलिस दोनों युवकों की तलाश कर रही है।
एसपी प्रशांत वर्मा का कहना है कि अभी उन्हें दो लोगों की मौत होने की जानकारी मिली है। दोनों की मौत जहरीली शराब पीने से हुई है यह निश्चित नहीं है, क्योंकि अमित का अंतिम संस्कार घरवालों ने बिना पुलिस को बताए ही कर दिया है। वहीं उसके पिता की मौत हार्ट अटैक से बताई जा रही है। फिलहाल जांच की जा रही है।