विशुनगढ़। चर्चित बारेलाल हत्याकांड के एक आरोपी को गिरफ्तार कर पुलिस ने हत्या के कारणों का खुलासा कर दिया। बहन के लिए अभद्र बोलने पर सुरेंद्र यादव व बारेलाल के बीच विवाद शुरू हुआ था। पिटाई के बाद बेहोशी की हालत में मरा समझकर उसे तालाब में फेंक दिया गया था। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर बारेलाल का मोबाइल व घटना में प्रयोग की गई बाइक को भी बरामद कर लिया है।
थानाध्यक्ष किशनपाल के नेतृत्व में उपनिरीक्षक राधेश्याम ने पुलिस बल के साथ विशुनगढ़-छिबरामऊ मार्ग पर नादनपुर की पुलिया के पास से बारेलाल उर्फ बृजेश हत्याकांड के आरोपी दीनपुर नगरिया निवासी संजीव यादव उर्फ प्रमोद यादव को गिरफ्तार कर लिया। संजीव ने घटना के बारे में बताया कि 20 फरवरी को उसने बृजेश उर्फ बारेलाल, कुशलपुर निवासी मुनेश यादव, सुरेंद्र यादव के साथ शराब पार्टी हुई थी। नशा होने पर बहन के लिए अभद्र बोलने सुरेंद्र व बारेलाल के बीच मारपीट शुरू हो गई। उसके बाद तीनों ने बृजेश के सीने पर लात घूसों से प्रहार किए। वह बेहोश हो गया। मरा हुआ समझकर तीनों उसे ठिकाने लगाने के लिए बाइक से गांव ले जा रहे थे। रास्ते में बाइक खराब होने के कारण उसे मरणासन्न हालत में ही तालाब में फेंक दिया।
बृजेश के मोबाइल को संजीव ने खेत की मेड़ में दबा दिया तथा बाइक को भी पास में ही छोड़ दिया। उसके बाद तीनों दूसरी बाइक से छिबरामऊ पहुंचे। यहां से तीनों अलग हो गए। संजीव की निशानदेही पर बारेलाल का मोबाइल व घटना में प्रयुक्त की गई बाइक को पुलिस ने बरामद कर लिया।
20 फरवरी को धीरपुर निवासी बृजेश उर्फ बारेलाल ने विशुनगढ़ कस्बे के एक विद्यालय में मुनेश यादव, सुरेंद्र यादव व संजीव यादव के साथ शराब पार्टी की थी। उसके बाद से वह गायब हो गया। 21 फरवरी को बृजेश की पत्नी सीता देवी यादव ने तीनों युवकों के खिलाफ पति को गायब कर देने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। 24 फरवरी को कस्बे के होली तालाब में बारेलाल का शव मिला। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में शरीर पर चोटों के निशान एवं हत्या का कारण पानी में दम घुटने से होने की बात की पुष्टि हुई थी। उसके बाद से पुलिस आरोपियाें की तलाश में जुटी हुई थी।
दो आरोपी पुलिस की पहुंच से बाहर
संजीव यादव की गिरफ्तारी के बाद भी पुलिस अभी तक मुनेश यादव व हत्या के मुख्य सूत्रधार सुरेंद्र यादव तक नहीं पहुंच सकी है। थानाध्यक्ष किशनपाल सिंह ने बताया कि दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एसओजी के अलावा दो पुलिस टीमें लगी हैं। जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।