सौरिख। सौरिख-इंदरगढ़ मार्ग पर नादेमऊ चौकी के पास मंगलवार को हुई बस के परिचालक से मारपीट व लूट के मामले में पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है। इसमें दो नामजद व 15 अज्ञात पर लूट व अन्य धाराएं लगी हैं। पुलिस मामले की जांच और आरोपियों की तलाश में जुटी है।
थाना क्षेत्र में मझिगवां बहादुरपुर गांव निवासी बस के परिचालक भारत सिंह ने बताया कि वह मंगलवार को बस लेकर सौरिख से इंदरगढ़ जा रहे थे। रास्ते में बस पर सवार हुए एक लड़के से किराया मांगा, तो वह भड़क गया था। उससे गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद लड़के ने साथी नगला तेज निवासी अमित उर्फ सुधीर व नेकपुर गांव के जितेंद्र को फोन कर बुला लिया। अमित व जितेंद्र के साथ 10-15 युवक बाइकों से आ गए। उन लोगों ने नादेमऊ चौकी के पास बस को रुकवाकर उसके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। आसपास के लोग बीच-बचाव करने दौड़े, तो आरोपी थैला छीनकर भाग गए। थैले में चार रुपये थे। इस मामले में भारत सिंह की तहरीर पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मारपीट, लूट व धमकी की धारा में रिपोर्ट दर्ज की है। थाना प्रभारी मदन गोपाल गुप्ता ने बताया कि आरोपियों की तलाश में दबिशें दी जा रही हैं।