तालग्राम। पीएम और सीएम आवास योजना का लाभ दिलाने के लिए यदि आपके पास फोन करके कोई युवक रुपये मांगता है, तो बिना किसी पड़ताल के रुपये खाते से मत ट्रांसफर करना। क्योंकि, आवास दिलाने के नाम पर कुछ ठग एक गिरोह बनाकर धंधा चला रहे हैं। ऐसे ही एक मामले में आवास दिलाने के नाम पर युवक से 2.50 लाख रुपये ठग लिए गए। पीड़ित ने मामले की शिकायत आलाधिकारियों से की है।
थाना तालग्राम के भवानीसराय निवासी योगेश कुमार ने बताया कि बीती 31 दिसंबर को मोबाइल पर काल आई कालर ने बताया कि आप को आवास के लिए ढाई लाख रुपये मिलेंगे। पहले रजिट्रेशन के लिए 2550 रुपये खाते में भेजने होंगे। कालर की ओर दिए गए खाते में उसने तीन जनवरी को रुपये डाल दिए। फोन करने वाले ने उसका खाता संख्या ले लिए और 8700 रुपये और खाते में ट्रांसफार्मर करा लिए। बीमा और दुगने रुपये मिलने का आश्वासन देकर धीरे धीरे ढाई लाख रुपये खाते में डला लिए। अभी तक अधिकारी के हस्ताक्षर न होने की बात कह कर टालमटोल करता रहा। अब और रुपये की मांग कर रहा है। इसको लेकर योगेश को संदेह हो गया। जानकारी करने पर पता चला कि यह एक गिरोह के लोग हैं। कई जगहों पर ठगी कर चुके हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।