तिर्वा। कपड़ा बेच रहे व्यापारी से ससुरालियों ने बाइक छीन कर ले गए। जब उसने अपनी बाइक वापस मांगी तो उन्होंने उसमें आग लगा दी। पीड़ित ने तीन आरोपियों के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है।
जनपद औरैया के थाना दिबियापुर क्षेत्र के ढिकियापुर गांव निवासी रामबाबू बाइक से कपड़े की फेरी लगाता है। गुरुवार को वह कोतवाली क्षेत्र के लिलुईया में फेरी कर रहा था। इसी दौरान उसके ससुरालीजन धरमगदपुर गांव निवासी रामरतन, शिवम व छोटू वहां आ गए। कपड़ों से लदी उसकी बाइक छीन ले गए।
रात करीब 9 बजे वह बाइक लेने धरमगदपुर गांव पहुंचा तो उसके ससुरालियों ने उसके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। इस दौरान उसके जेब से 9500 रुपये भी निकाल लिए। इसके साथ ही उसकी बाइक में आग लगा दी। शुक्रवार को कोतवाली पहुॅचे पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देकर मामले से अवगत कराया। कोतवाल नरेंद्र सिंह ने बताया कि मामला संदिग्ध लग रहा है। मामले की जांच कराकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। (संवाद)