छिबरामऊ। पारिवारिक विवाद के चलते तेजाब फेंककर चेहरा बिगाड़ देने की धमकी से सहमी महिला ने कोतवाली पहुंचकर अपने सगे देवर के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने जांच के बाद कार्रवाई का आश्वासन देकर महिला को घर भेज दिया।
नगर के मोहल्ला इंद्रानगर निवासी रिया ने बताया कि पति एक प्राइवेट कंपनी में कार्यरत है। कोरोना संक्रमण काल से पहले दिल्ली में रहकर प्राइवेट नौकरी कर जीवन यापन कर रहे थे। लॉकडाउन के बाद घर लौट आए। उसी समय समय से देवर ने परेशान करना शुरू कर दिया। पति के फेरी के लिए बाहर जाते ही देवर उसके साथ अभद्रता शुरू कर देता है। बुधवार को देवर अपनी पत्नी व साले के साथ घर में घुस आया और पीटा। शिकायत करने पर तेजाब डालकर चेहरा बिगाड़ देने की धमकी देते हुए भाग गए। साथ ही फर्जी मुकदमों में फंसा देने के लिए भी धमका रहे हैं। इस संबंध में सीओ शिवकुमार थापा ने बताया कि जांच में मामला पारिवारिक विवाद का निकला। तहरीर के आधार पर जांच के बाद कार्रवाई होगी।