ठठिया (कन्नौज)। फ्लाइंग स्क्वॉड ने तिर्वा विधानसभा क्षेत्र में वाहनों की चेकिंग के दौरान भाजपा पार्टी की प्रचार सामग्री को जब्त की है। टीम के अनुसार आचार संहिता में बिना अनुमति के प्रचार सामग्री को वितरण के लिए ले जाया जा रहा था। फ्लाइंग स्क्वॉड की टीम ने रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए ठठिया थाने में तहरीर दी है।
सोमवार शाम को फ्लाइंग स्क्वॉड टीम प्रभारी खाद्य सुरक्षा अधिकारी अंशुल पांडेय और उप निरीक्षक रामप्रकाश के साथ खैरनगर के पास वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान एक कार औसर की ओर से आ रही थी। उसको रोककर तलाशी ली गई। उन्होंने कार से भाजपा की 129 टोपियां, 176 रिबन, 246 बड़े पंफ्लेट, 100 छोटे पंफ्लेट, 300 स्टीकर, पांच छोटे कार्ड बरामद किए हैं। पूछताछ में गाड़ी चालक ने अपना नाम सुखबीर सिंह निवासी ड्योडा थाना इंदरगढ़ बताया है। टीम ने प्रचार सामग्री के साथ ही कार को पुलिस के सुपुर्द कर दिया है।
उपनिरीक्षक ने बताया कि आचार संहिता में बिना वैध दस्तावेज और प्रशासनिक अनुमति के चुनाव प्रचार सामग्री ले जाना अवैध है। इसके चलते सामग्री को जब्त किया गया है। पुलिस को तहरीर दी गई है। प्रभारी निरीक्षक पीएन बाजपेई ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज की जाएगी।