तालग्राम। जमीन के विवाद में दो पक्षों में सोमवार दोपहर को लाठी, डंडे, ईंट, पत्थर चल गए। दोनों पक्षों के चार लोग घायल हो गए। रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए एक-दूसरे के खिलाफ तहरीर दी गई है।
सिलुआपुर निवासी प्रेमचंद्र ने बताया कि उसके कब्जे वाली जमीन पर विपिन उर्फ रिंकू निर्माण के लिए ईंटें डलवा रहे थे। उसके पुत्र सचिन (22) और प्रद्युम्न उर्फ बउआ (24) ने मना किया तो रिंकू ने चाचा, चचेरे भाइयों और सिंहपुर के एक लोग के साथ गाली गलौज करते हुए लाठी डंडों ने मारपीट शुरू कर दी। जब बचाने पहुंचे तो उन्हें भी पीटा। जान बचाकर भागे तो ईंट-पत्थर भी चलाए। तीनों लोग घायल हो गए।
वहीं दूसरे पक्ष के विपिन ने बताया कि वे मकान बनवाने के लिए ट्रैक्टर ट्राली से ईंटें उतरवा रहे थे। इसी दौरान प्रेमचंद के लड़कों ने जमीन अपनी बताते हुए मारपीट कर दी, जिससे चोटें आईं। थाना प्रभारी कमल भाटी का कहना है कि घायलों को मेडिकल परीक्षण के लिए सीएचसी भेजा गया है। दोनों पक्षों की रिपोर्ट कर कार्रवाई की जाएगी।