सौरिख। भू स्वामी के पक्ष में दो बार एसडीएम निर्माण कार्य के लिए अनुमति दे चुके हैं। एसडीएम के निर्देश पर पैमाइश के बाद नायब तहसीलदार भी भू स्वामी के पक्ष में रिपोर्ट लगा चुके हैं। इसके बाद भी आदेश को धता बताते हुए पुलिस ने विरोधी से सांठगांठ कर निर्माण कार्य रुकवा दिया। पीड़ित पक्ष न्याय के लिए अधिकारियों के चक्कर काट रहे हैं।
खड़िनी निवासी प्रवीन कुमार व शिवप्रताप सिंह ने 14 अगस्त 2020 को ग्यासपुर निवासी बाबूराम से लगभग 76 वर्गमीटर भूमि का बैनामा कराया था। शिवप्रताप सिंह ने बताया कि बैनामाशुदा जमीन के पास ही उनकी कुछ जमीन पहले से ही पड़ी है। दोनों भू स्वामियों ने बैनामाशुदा जमीन पर निर्माण शुरू किया। गांव के दबंग ने इसी जमीन को अपनी बताते हुए निर्माण कार्य पर आपत्ति लगा दी। पुलिस सांठगांठ कर निर्माण कार्य भी रुकवा दिया। भू स्वामियों ने एसडीएम से शिकायत करते हुए अभिलेख प्रस्तुत किए। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम ने नायब तहसीलदार शिखर मिश्रा के नेतृत्व में राजस्व टीम गठित कर पैमाइश कराई।
जांच टीम ने भू स्वामियों के पक्ष में रिपोर्ट एसडीएम को सौंप दी। उसके बाद एसडीएम ने भू स्वामियों के पक्ष में आदेश करते हुए निर्माण कार्य जारी रखने की अनुमति प्रदान कर दी। भू स्वामियों ने निर्माण शुरू कराया, उसके बाद भी भू माफियाओं की शह पर पुलिस ने एसडीएम के आदेश का दरकिनार करते हुए निर्माण कार्य दोबारा रुकवा दिया। पीड़ित पक्ष निर्माण कार्य पूरा कराने के लिए अफसरों के चक्कर काट रहे हैं।
काम रुकवाने का नहीं दिया आदेश
एसडीएम अशोक कुमार का कहना है कि नायब तहसीलदार की जांच रिपोर्ट आने के बाद ही भू स्वामियों के पक्ष में दो बार आदेश कर दिया गया था। प्रभारी निरीक्षक से वार्ता की जाएगी। वहीं इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक मदनगोपाल गुप्ता ने बताया कि एसडीएम के आदेश पर ही निर्माण कार्य रुकवाया गया है।