छिबरामऊ (कन्नौज)। ससुर ने दामाद पर सास की गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस को बताया कि कि दामाद, बेटी के साथ ससुराल में रहता था। उसकी व उसके घरवालों की नीयत उनकी जमीन पर खराब थी। जिसे हथियाने के लिए दामाद ने उनकी पत्नी की हत्या की है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जाएगी।
क्षेत्र के ग्राम तिलोकापुर निवासी ससुर ने बताया कि उसने अपनी इकलौती बेटी की शादी ग्राम अरम सराय थाना भोगांव जिला मैनपुरी निवासी युवक से की थी। वृद्ध होने के कारण बेटी व दामाद उसके घर पर रहने लगे थे। बेटी के ससुर, सास, जेठ, जिठानी का भी घर पर आना-जाना था। जमीन के लालच में दामाद ने आठ जनवरी की रात उनकी पत्नी को जान से मारने की नीयत से उनका गला दबा दिया।
गंभीर हालत में पत्नी को सैफई मेडिकल कालेज में भर्ती कराया। बीती16 जनवरी को उपचार के दौरान पत्नी की मौत हो गई थी। निरीक्षक हरिशंकर ने बताया कि तहरीर मिली है। इटावा पुलिस से पंचायतनामा व पोस्टमार्टम रिपोर्ट मांगी जाएगी। उसे देखने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।