सौरिख। क्षेत्र के भाउलपुर गांव की मुख्य बाजार में खरीदारी में करने आई ईंट भट्टा में काम करने वाली महिला के साथ सोमवार को कुछ लोगों ने छेड़छाड़ की। उसके अपहरण का प्रयास किया। विरोध करने पर आरोपियों ने उसके पति की पिटाई कर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दो लोगों को पकड़ लिया। उन लोगों से थाने में पुलिस पूछताछ कर रही है।
चपुन्ना चैकी के एक गांव में स्थित ईंट भट्टे पर बिहार के गया का एक परिवार मजदूरी कर रहा है। महिला अपने पति के साथ सोमवार को बाजार में गृहस्थी का सामान खरीदने आई थी। वह एक ठेले पर अंडे खरीद रही थी। उसी समय एक बाइक पर सवार तीन युवक वहां पहुंच गए और महिला से छेड़छाड़ करते हुए उसे जबरदस्ती बाइक पर बिठाने लगे। पति ने विरोध किया, तो युवक भड़क गए और उसकी पिटाई शुरू कर दी। इस बीच वहां भीड़ जुट गई, लेकिन सभी तमाशबीन बने सब कुछ देखते रहे।
इसी बीच चौकी पुलिस मौके पर पहुंच गई और दो युवकों को पकड़ लिया। तीसरा आरोपी पुलिस को चकमा देकर भाग गया। थाना प्रभारी मदन गोपाल गुप्ता ने बताया कि मामला मारपीट का है। जांच की जा रही है, जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।