कन्नौज। सहेली के साथ घर से अस्पताल के लिए गईं दो युवतियां लापता हो गईं। परिजनों ने दोनों युवतियों के अपहरण की आशंका जताई है। भाई ने बुधवार को सदर कोतवाली में बहन के अपहरण किए जाने की तहरीर दी। पुलिस को युवतियों की लोकेशन दिल्ली-गुरुग्राम बार्डर पर मिली है।
सदर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में रहने वाले युवक ने बताया कि मंगलवार दोपहर को उसकी बहन बिल्हौर क्षेत्र के एक मोहल्ले में रहने वाली सहेली के साथ घर से मकरंदनगर स्थित एक निजी अस्पताल में गई थी। देर रात तक बहन घर नहीं लौटी। मकरंदनगर स्थित अस्पताल में जाकर खोजबीन की। बहन और उसकी सहेली का कोई पता नहीं लगा। बुधवार सुबह युवक ने सदर कोतवाली में बहन के अपहरण होने की आशंका की तहरीर दी है। पुलिस ने युवतियों के मोबाइल नंबर को ट्रेस किया तो लोकेशन दिल्ली-गुरुग्राम बार्डर पर मिली। पुलिस को लोकेशन मिलते ही परिजन कार से रवाना हो गए। सदर कोतवाली प्रभारी अलोक कुमार दुबे ने बताया कि दोनों सहेलियों के फोन की लोकेशन दिल्ली-गुरुग्राम बार्डर पर मिली है। जांच की जा रही है। परिजनों को भी लोकेशन की जानकारी दी जा चुकी है।