तालग्राम। प्रसव के कुछ घंटों बाद सीएचसी तालग्राम में प्रसूता की मौत का मामला सीएम के पोर्टल तक पहुंच गया है। विभागीय अधिकारियों से न्याय न मिलता देख मृतका के जेठ ने सीएम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराकर न्याय की गुहार लगाई है।
हंसनापुर निवासी विशंभर सिंह बजारा ने सीएम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया उसके छोटे भाई की पत्नी लता की 30 दिसंबर को प्रसव के बाद मौत हो गई थी। इसमें स्टाफ की लापरवाही रही थी। मौत के बाद रेफर लेटर पर हस्ताक्षर कराने का दबाव भी बनाया था। इसकी शिकायत स्वास्थ्य विभाग और पुलिस से की थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट न होने पर बिसरा सुरक्षित किया गया, लेकिन रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी जांच में हीलाहवाली कर रहे हैं। स्टाफ नर्सों को बचाने के प्रयास किए जा रहे हैं।