गुरसहायगंज। पूर्व मंत्री के पैतृक तालाब पर कुछ लोगों ने कब्जा कर लिया। शिकायत के बाद भी कार्रवाई नहीं हुई तो कब्जेदारों ने पक्का निर्माण शुरू कर दिया। पूर्व मंत्री ने फोन कर एसपी को जानकारी दी तो उन्होंने लापरवाही मिलने पर सराय प्रयाग चौकी प्रभारी को फटकार लगाई। इसके बाद तत्काल वह मौके पर पहुंचे और तालाब को कब्जा मुक्त कराया।
भाजपा की पूर्व मंत्री प्रेमलता कटियार का सराय प्रयाग में पैतृक तालाब और जमीन है। उनके भतीजे डॉक्टर पीके कटियार समेत अन्य लोग तालाब और अन्य जमीन की देखरेख करते हैं। इस तालाब पर कुछ लोग ने अवैध कब्जा कर लिया था। इसकी शिकायत भी की गई थी, लेकिन पुलिस और राजस्व विभाग ने कोई कार्रवाई नहीं की। गुरुवार को कब्जेदारों ने यहां पक्का निर्माण शुरू कर दिया। पूर्व मंत्री ने इसकी जानकारी फोन कर एसपी प्रशांत वर्मा को दी। एसपी ने सराय प्रयाग चौकी प्रभारी प्रशांत गौतम को लापरवाही पर जमकर फटकार लगाई। एसपी के आदेश पर तत्काल वह पुलिस बल के साथ पहुंच गए और कब्जा कर रहे कुछ लोगों को हिरासत में ले लिया। तालाब पर हो रहे अवैध कब्जे को हटवा दिया गया। चौकी प्रभारी प्रशांत गौतम ने बताया कि दोनों पक्षों में जमीन को लेकर विवाद हो रहा था। समझौता होने के बाद हिरासत में लिए गए लोगों को छोड़ दिया गया।