तहसील में मौजूद पुलिस फोर्स। संवाद
- फोटो : KANNAUJ
तिर्वा। महिला फरियादी के रुपये वापस कराने को लेकर अधिवक्ता और राजस्व कर्मी के बीच जमकर धक्का-मुक्की हो गई। नौबत मारपीट तक आ गई। अधिवक्ताओं ने आकर दोनों पक्षों को शांत कराया। सूचना पर भारी पुलिस बल तहसील परिसर पहुंच गई।
तहसील क्षेत्र निवासी महिला ने बताया कि उसने प्रधानमंत्री सम्मान निधि दिलवाने के लिए तहसील के एक राजस्व कर्मी को 5000 रुपये दिए थे। काफी समय गुजरने के बाद भी उसे प्रधानमंत्री सम्मान निधि योजना का लाभ नहीं मिल सका। उसने तहसील के ही एक अधिवक्ता को सारी बात बताई। इस पर अधिवक्ता ने सोमवार को तहसील परिसर में राजस्व कर्मी से महिला के रुपये वापस करने की बात कही। इस पर राजस्व कर्मी भड़क गया। दोनों के बीच बहस होने के साथ धक्का-मुक्की होने लगी। मामला बढ़ता देख आसपास मौजूद अधिवक्ताओं व तहसील कर्मियों ने मामला शांत कराया। सूचना मिलते ही मौके पर भारी पुलिस फोर्स भी पहुंच गई। कार्यवाहक कोतवाली प्रभारी पंकज मिश्रा ने बताया कि किसी भी पक्ष से अभी तक तहरीर नहीं आई है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।