नजरापुर। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर फगुआ भट्ठा के पास ट्रक रोककर आराम कर रहे चालक से मारपीट कर बदमाशों ने नकदी और मोबाइल लूट लिया। चालक ने कोतवाली में तहरीर दी है।
राजस्थान जिला जयपुर थाना नरैना गांव सोलाबत्ता निवासी करतार सिंह ने बताया कि आगरा से कुछ सामान लादकर राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज तिर्वा लाया था। रात के समय एक्सप्रेसवे पर फगुआ भट्ठा कट के पास ट्रक खड़ा कर आराम करने लगा। बुधवार भोर चार बजे तीन बदमाश बाइक नीचे खड़ी कर ट्रक के पास पहुंचे। ट्रक से नीचे उतरने को कहा। जैसे वह खिड़की खोल नीचे उतरा तभी सभी ने उसे पकड़ लिया और मारपीट करते हुए पांच हजार रुपये, मोबाइल छीन कर बाइक से भाग गए। मौके पर पहुंची 112 डायल पुलिस ने छानबीन की है। कोतवाली प्रभारी नरेंद्र सिंह का कहना है कि तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलते ही कार्रवाई की जाएगी।