छिबरामऊ। व्यापार के लिए पांच लाख रुपये व बाइक न दिलाने पर नाराज ससुरालीजन विवाहिता के साथ मारपीट कर उसे मायके के बाहर छोड़कर चले गए। पीड़ित पिता ने मामले की शिकायत पुलिस से की है।
क्षेत्र के ग्राम नगला लीटा निवासी मुरारीलाल ने बताया कि उन्होंने बेटी सोनी की शादी इसी साल 21 मई को बेवर थाना क्षेत्र के एक युवक से की थी। शादी में पांच लाख रुपये व गृहस्थी का पूरा सामान दिया था। इससे पति, ससुर, दाऊ ससुर, चचिया ससुर, देवर व ननद संतुष्ट नहीं थे। शादी के बाद से ससुरालीजन व्यापार के लिए पांच लाख रुपये, अपाचे बाइक व सोने की चेन की मांग करते हुए सोनी को प्रताड़ित करने लगे। दो अक्तूबर की शाम को ससुरालीजन सोनी को गांव के बाहर छोड़कर चले गए और मांग पूरी न होने तक लौटने पर जान से मारने की धमकी दी। पहले तो सोचा कि हो सकता है कुछ दिन बाद स्थिति ठीक हो जाए, पर ऐसा नहीं हुआ। इस पर पुलिस से मदद की गुहार लगाई है। कोतवाल जयप्रकाश शर्मा ने बताया कि मामले की जांच कराई जाएगी। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उसी आधार पर कार्रवाई होगी।