छिबरामऊ। डीजे संचालक के हत्यारोपियों की गिरेबां तक पुलिस के हाथ पहुंच चुके हैं। पुलिस ने रविवार रात में तीन युवकों को उठाकर पूछताछ की तो तस्वीर लगभग साफ हो गई है। पुलिस का दावा है कि हत्याकांड का जल्द खुलाया किया जाएगा।
गुरसहायगंज कोतवाली क्षेत्र के ग्राम द्वारिकापुर निवासी डीजे संचालक उदयवीर उर्फ नीतेश का शव चिलमिलैया गांव से अलहा मार्ग पर रविवार सुबह मिला था। डीजे संचालक के पिता रामलखन की तहरीर पर पुलिस ने ग्राम चिलमिलैया निवासी छविनाथ व उसके अज्ञात साथियों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की। एसपी प्रशांत वर्मा ने कोतवाल जयप्रकाश शर्मा को शीघ्र ही मामले के खुलासे के लिए लगाया। हत्याकांड के खुलासे के लिए एसओजी और सर्विलांस टीम को भी लगाया गया।
पुलिस ने रात में पूछताछ के लिए तीन युवकों को उठा लिया। सख्ती से पूछताछ में तस्वीर कुछ हद तक साफ हो गई। प्रेम प्रसंग के चलते डीजे संचालक की हत्या होने की आशंका व्यक्त की जा रही है। हालांकि पुलिस अभी अन्य आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है। इनके हत्थे चढ़ते ही सभी से आमने-सामने बैठाकर पूछताछ होगी। इसके बाद मामले का खुलासा कर दिया जाएगा। इस संबंध में कोतवाल जयप्रकाश शर्मा ने बताया कि जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।