कन्नौज। भारी मात्रा में पकड़ी गई चंदन की लकड़ी गुजरात से चोरी छिपे लाई गई थी। इत्र कारोबारी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए कई स्थानों पर दबिश दे रही है।
शहर के मोहल्ला ताजपुर नौकास्त में दबिश देकर पुलिस ने 35 क्विंटल चंदन की लकड़ी बरामद की थी। इसकी कीमत करीब डेढ़ करोड़ रुपये है। पुलिस ने इस मामले में ताजपुर नौकास्त निवासी इत्र कारोबारी अरशद के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। जांच में पुलिस के सामने आया कि चोरी छिपे चंदन की लकड़ी गुजरात से करीब 15 दिन पूर्व लाई गई थी। क्षेत्रीय वन अधिकारी अरविंद राज मिश्रा ने कोतवाली पहुंच कर चंदन की लकड़ी के नमूने लिए हैं। कोतवाल आलोक कुमार दुबे ने बताया कि आरोपी अरशद की तलाश में पुलिस टीमें दबिश दे रहीं हैं।