छिबरामऊ। ग्राम मटेहना में पुलिस व खनन अधिकारी के पहुंचते ही माफिया ट्रैक्टर छोड़कर जेसीबी से भाग निकले। पुलिस ने तीन ट्रैक्टरों को ट्राली समेत कब्जे में लेकर थाने में खड़ा करा दिया है।
पिछले कई दिनों से इलाके में मिट्टी खनन का कारोबार चल रहा था। गांव के लोगों ने स्थानीय प्रशासन से इसकी शिकायत कई बार की, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। सोमवार की रात माफिया जेसीबी व ट्रैक्टर ट्रालियां लेकर मिट्टी का खनन करने पहुंच गए। ग्रामीणों ने इसकी सूचना डीएम राकेश मिश्रा को दी।
डीएम के निर्देश पर खनन अधिकारी मनोज कुमार विशुनगढ़ थाने पहुंचे। यहां से पुलिस बल के साथ गांव में छापा मारा। प्रशासनिक अधिकारियों का दावा है कि खनन माफिया ट्रैक्टर ट्रालियों को मौके पर ही छोड़ गए, जबकि जेसीबी लेकर भाग निकले। ट्रैक्टर व ट्रालियों को कब्जे में लेकर थाने में खड़ी करवा दिया गया। थानाध्यक्ष किशनपाल सिंह ने बताया कि सूचना पर पुलिस टीम के पहुंचते ही मिट्टी खोदाई कर रहे लोग भाग चुके थे। खनन अधिकारी की तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।