गुरसहायगंज। बंदरों को भगाने में छात्रा मकान की तीसरी मंजिल से पीछे बने तालाब में जा गिरी। जानकारी होने पर उसे तालाब से निकाला गया। तत्काल छात्रा को निजी चिकित्सक के यहां लाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
कस्बा के मोहल्ला अशोक नगर जीटी रोड निवासी कपड़ा कारोबारी शेखर गुप्ता की पुत्री मान्या (14) कन्नौज के एक विद्यालय में हाईस्कूल की छात्रा थी। मंगलवार की सुबह करीब नौ बजे अपने मकान के तीसरी मंजिल पर पीछे की ओर मौजूद थी, तभी अचानक बंदरों का झुंड आ गया। बालिका ने उन्हें भगाने का प्रयास किया तो बंदर उस पर झपट पड़े, जिससे वह असंतुलित होकर छत पर बनी बाउंड्री को पार करते हुए पीछे तालाब में जा गिरी। कुछ देर बाद परिजनों को जानकारी हुई तो पीछे तालाब में देखा तो छात्रा पड़ी मिली। किसी प्रकार उसे तालाब से निकालकर निजी चिकित्सक के यहां ले जाया गया, जहां हालत गंभीर होने पर उसे फर्रुखाबाद भेज दिया गया। इस बीच छात्रा की मौत हो गई।