कन्नौज। दरवाजे के सामने तालाब में डूबकर तीन वर्षीय मासूम बच्ची की मौत हो गई। परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने तालाब के चारों ओर सुरक्षा का घेरा बनाए जाने की मांग की है।
सदर कोतवाली के हौदापुर्वा गांव निवासी संजीव कुमार की तीन वर्षीय इकलौती बेटी कृति शनिवार सुबह करीब 10 बजे से लापता हो गई। संजीव कुमार और उनकी पत्नी संगीता देवी ने पास-पड़ोस में खेलने की आशंका जताकर गौर नहीं किया, लेकिन जब शाम सात बजे कृति का पता नहीं चला तो उसे तलाशना शुरू किया और कोतवाली पहुंच कर गुमशुदगी दर्ज कराई। इसके बाद रात करीब 10 बजे कृति का शव तालाब में देखकर माता-पिता और परिवार के लोगों के होश उड़ गए। एसपी प्रशांत वर्मा और सीओ सदर शिव प्रताप सिंह मौके पर पहुंच गए और घटना की जानकारी की। एसपी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में कृति के डूबने से मौत की बात सामने आई है।