कन्नौज। श्रीमद्भागवत कथा की सामग्री को गंगा में विसर्जन करने जाते समय श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर की ट्राली पलट गई। हादसे में एक मासूम की मौत हो गई। जबकि आठ लोग घायल हुए हैं। जिनमें तीन बच्चे हैं। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सदर कोतवाली के अकौडनपुर्वा निवासी सियाराम राजपूत के घर के श्रीमद् भागवत कथा चल रही थी। गुरुवार दोपहर करीब तीन बजे सियाराम परिवार के सदस्यों व ग्रामीणों के साथ कथा की सामग्री को गंगा में विर्सजन करने के लिए ट्रैक्टर-ट्राली से निकले थे। ताज महमूदपुर कुसुमखोर गांव के पास तेज रफ्तार के चलते श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर ट्राली अनियंत्रित होकर पलट गई।
उसमें सवार गांव निवासी रामगोपाल के सात वर्षीय बेटे विकास की मौत हो गई। जबकि करीब आठ लोग घायल हो गए। घायलों में तीन बच्चें भी शामिल है। मामले की जानकारी मिलते ही कोतवाल आलोक कुमार दुबे मौके पर पहुंच गए और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। जबकि हादसे के बाद ट्रैक्टर का चालक भाग निकला। कोतवाल ने बताया कि घायलों को अधिक चोट नहीं आई है। सभी का प्राइवेट अस्पताल में इलाज किया जा रहा है।