छिबरामऊ। दो बाइकों की आमने-सामने की भिड़ंत में युवती सहित तीन लोग घायल हो गए। तीनों घायलों को 100 शैया अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से एक युवक को गंभीर हालत में राजकीय मेडिकल कॉलेज तिर्वा के लिए रेफर किया गया।
बुधवार को सिकंदरपुर के ग्राम सिंहपुर निवासी गोविंद (19) चचेरी बहन स्वाती (22) के साथ बाइक से छिबरामऊ बाजार करने के लिए आ रहा था। वह करमुल्लापुर चौराहे पर पहुंचा, तभी छिबरामऊ की तरफ से जा रहे गुरुद्वारा गली निवासी राजेश कुमार (35) की बाइक से आमने-सामने की भिड़ंत हो गई। हादसे में युवती सहित तीनों लोग घायल हो गए। राजेश की करमुल्लापुर चौराहे पर ही धान कुटाई की दुकान हैं। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ लग गई और तीनों घायलों को सौ शैया अस्पताल में भर्ती कराया गया। राजेश को प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में राजकीय मेडिकल कॉलेज तिर्वा के लिए रेफर कर दिया गया। बाइक चला रहे दोनों युवकों ने हेलमेट पहना था।