ग्रामीणों को समझाते पुलिस अधिकारी। संवाद
- फोटो : CHIBRAMAU
खड़िनी। बाजार से घर लौट रहे वृद्ध की साइकिल में कार ने टक्कर मार दी। वृद्ध की मौके पर ही मौत हो गई। गुस्साए गांव के लोगों ने छिबरामऊ-बिधूना मार्ग पर जाम लगा दिया। कार्रवाई के आश्वासन पर लगभग एक घंटे बाद जाम खुल सका। इस बीच सड़क पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
सौरिख थाना क्षेत्र के ग्राम सर्वा निवासी वीरेंद्र (50) साइकिल से खड़िनी बाजार करने गए थे। शाम चार बजे के करीब घर लौटते समय सर्वा मोड़ पर पीछे से आई कार ने साइकिल में टक्कर मार दी। वीरेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई। आसपास खेतों में काम कर रहे ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। सूचना पर मृतक के परिजन भी पहुंच गए। हादसे से गुस्साए गांव के लोगों ने सड़क पर झाड़ियां डालकर जाम लगा दिया।
इस बीच सौरिख थानाध्यक्ष मदनगोपाल गुप्ता, खड़िनी चौकी इंचार्ज महेंद्र सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। जाम लगाए लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीण जाम खोलने को तैयार नहीं हुए। जिला पंचायत सदस्य पुष्पेंद्र शाक्य, डिगरी के प्रधान अजीत शाक्य, गोरखपुर के पूर्व प्रधान वीरपाल सिंह यादव ने ग्रामीणों को समझा बुझाकर लगभग एक घंटे बाद जाम खुलवाया। उसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रभारी निरीक्षक मदनगोपाल गुप्ता ने बताया कि तहरीर मिलते ही मामला दर्ज किया जाएगा।
गुस्साए ग्रामीणों ने कार में की तोड़फोड़
हादसे के बाद चालक कार को छोड़कर मौके से गायब हो गया। भीड़ ने तोड़फोड़ कर कार को क्षतिग्रस्त कर दिया। बाद में पुलिस ने कार को कब्जे में ले लिया। वीरेंद्र मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था। उसके तीन पुत्र अनुज, विकास, विमल हैं, जिसमें से अनुज की शादी हो चुकी है।
--------------------------------------