हादसे के बाद क्षतिग्रस्त कार। संवाद
- फोटो : KANNAUJ
कन्नौज। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर ठठिया थानाक्षेत्र में एक कार डीसीएम में पीछे से घुस गई। हादसे में कार सवार दिल्ली पुलिस के एक जवान, एसडीएम कार्यालय में राजस्व कर्मचारी समेत तीन लोगों की मौत हो गई। एक युवक गंभीर घायल है। पुलिस ने मृतकों के परिजनों को हादसे की जानकारी दे दी है।
जिले के ठठिया थाना क्षेत्र के कड़ेरा बलनपुर पट्टी के पास आगरा लखनऊ एक्सप्रेसवे पर डीसीएम में पीछे से कार टकरा गई। हादसे में कार सवार त्रिलोकपुरी दिल्ली निवासी सतेंद्र कुमार(29), शास्त्री नगर एसडीएम कार्यालय में तैनात राजस्व कर्मचारी गुंजन कुमार(30) और जितेंद्र कुमार(43) की मौत हो गई। सतेंद्र कुमार दिल्ली पुलिस में आरक्षी थे। वहीं हादसे में कुंडली दिल्ली निवासी परमवीर गंभीर घायल हैं। जानकारी मिलते ही ठठिया थाना प्रभारी प्रयाग नारायण वाजपेयी पुलिस बल के साथ पहुंच गए। शवों को कब्जे में लेकर घायल परमवीर को मेडिकल कालेज तिर्वा में भर्ती कराया।
थाना प्रभारी ने बताया कि घायल बेहोशी हालत में होने की वजह से कुछ बता नहीं पा रहा है। परिजनों को हादसे की जानकारी दी गई है। पुलिस ने बताया कि मृतक जितेंद्र व घायल परमवीर एक निजी कंपनी में काम करते थे।