हसेरन। कस्बे के खड़िनी रोड तिराहा पर शुक्रवार को बाइक और ई-रिक्शा की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में दोनों वाहनों के चालक गंभीर रूप से घायल हो गए जबकि ई-रिक्शा में बैठी सवारियों को भी चोटें आईं। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को एंबुलेंस से सीएचसी में भर्ती कराया।
विज्ञापन
क्षेत्र के ग्राम कांकरकुईं निवासी पंकज कुमार बाइक से हसेरन की ओर जा रहे थे। इसी दौरान हसेरन से सवारियां लेकर नादेमऊ की तरफ जा रहे ई-रिक्शा से खड़िनी रोड तिराहे पर बाइक से भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक चालक पंकज कुमार और ग्राम बरौली निवासी ई-रिक्शा चालक अरविंद कुमार शर्मा सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। ई-रिक्शा में बैठी सवारियों को भी चोटें आईं।
हादसे के बाद मौके पर राहगीरों और स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। लोगों ने पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि सूचना देने के काफी देर बाद एंबुलेंस मौके पर पहुंची। इस बीच दोनों घायलों के परिजन भी घटनास्थल पर पहुंच गए। पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से दोनों गंभीर घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया। वहीं, प्राथमिक उपचार के बाद ई-रिक्शा की सवारियां घर चली गईं।