सौरिख(कन्नौज)। चुनाव ड्यूटी में संक्रमित हुए डॉक्टर की आगरा के हॉस्पिटल में उपचार के दौरान मौत हो गई। सूचना पर परिजनों में कोहराम मच गया। वहीं स्वास्थ्य विभाग में भी शोक की लहर है। परिजनों का कहना है कि दोनों टीके लगवाने के बाद भी जान चली गई।
चौकी सकरावा के ग्राम मढ़ी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में डॉ. संजीव शाक्य (45) की तैनाती थी। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में ड्यूटी करने के दौरान यह कोरोना संक्रमित हो गए थे। 25 अप्रैल को औरैया जिले में एंटीजन रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। इसकी सूचना प्रभारी चिकित्साधिकारी अजहर सिद्दीकी को दी गई थी। डॉ. संजीव शाक्य ने कुछ दिनों तक खुद को होम आइसोलेट कर इलाज किया। हालत में सुधार न होने पर परिजन आगरा के निजी अस्पताल में ले गए। यहां करीब 15 दिन इलाज चला। ऑक्सीजन लेवल गिरता रहा। इससे वह वेंटिलेटर पर पहुंच गए। सोमवार को उपचार के दौरान मौत हो गई।
चिकित्साधिकारी डॉक्टर अजहर सिद्दीकी, डॉ. निशांत यादव, डॉ. सहदेव यादव, डॉ. नीरज शाक्य, घनश्याम व विनय पांडेय सहित स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों ने घर पहुंच कर श्रद्धांजलि अर्पित की। परिजनों ने बताया कि संजीव को दोनों टीके लग चुके थे। इसके बाद भी उसका जीवन नहीं बचाया जा सका। वहीं इस मामले में चिकित्सकों के पास कोई जवाब नहीं है।