तिर्वा। चुनाव के चलते कैश रखने की सख्ती से व्यापारी परेशान हैं। गैर जनपदों से भी कम ही व्यापारी आ रहे हैं। व्यापारियों ने 50 हजार से अधिक कैश की पाबंदियों को हटाने की मांग की।
कस्बे में किराना, कपड़ा, लोहा, सोना-चांदी, मशीनरी आदि के बड़े थोक व फुटकर विक्रेता है। आसपास के जिलों से भी व्यापारी यहां आते हैं। वहीं अचार संहिता लागू होने के बाद 50 हजार रुपये से अधिक कैश रखने पर व्यापारियों को उसके सारे दस्तावेज दिखाने पड़ते हैं।
कस्बा निवासी व्यापारी हरीओम गुप्ता का कहना है कि चुनाव आयोग को 50 हजार रुपये की कैश लिमिट को और अधिक बढ़ाना चाहिए। शाम को देर तक बैंक खोलने के निर्देश दिए जाएं। तभी दिक्कतें कम हो सकेंगी।
व्यापारी भैया बाबू का कहना है कि पहले से ही कोरोना की मार झेल रहे हैं। चुनाव के चलते कैश पर रोकटोक से व्यापारी परेशान हैं। व्यापारियों को राहत देनी चाहिए ताकि काम प्रभावित न हो।
व्यापारी गौरव गुप्ता का कहना है कि बैंक चार बजे बंद हो जाते है। दिनभर की कमाई व्यापारी अपने घर ले जाते हैं। ऐसे में सरकार चुनाव तक बैंक देर शाम तक खुलवाने की व्यवस्था करें।
कस्बे के रवींद्र कनौजिया ने बताया कि कोरोना से बाजार पहले से ठंडे पड़े हैं। चुनाव आयोग को कैश रखने की सीमा 50 हजार से बढ़ाकर 2 लाख रुपये करनी चाहिए।