कन्नौज में विशुनगढ़ के सरैया गांव में पेड़ से लटके मिले डीएलएड( डिप्लोमा इन एलीमेंटरी एजुकेशन) छात्र के शव के मामले में नया मोड़ आ गया है। पिता ने बेटे को आत्महत्या के लिए प्रेरित करने की आशंका जाहिर करते हुए गांव के युवक के खिलाफ नामजद तहरीर दी है।
पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। सोमवार को मैनपुरी जनपद के बेवर थाना अंतर्गत नगला कंज निवासी जयदान सिंह विशुनगढ़ थाने पहुंचे। उन्होंने पुलिस को तहरीर दी। इसमें बताया कि 18 जनवरी की सुबह बेटे सौरभ यादव को गांव का युवक घर से बुलाकर ले गया था।
मैंने और पत्नी शशि प्रभा ने युवक को कई बार फोन किया। वह टालमटोल करता रहा। देर शाम तक सौरभ वापस नहीं आया तो युवक से बात की। उसने सौरभ को गांव के बाहर छोड़े जाने पर अलग-अलग बात बताई। अगले दिन बेटे का शव सरैया गांव में चकरोड के किनारे पेड़ से लटका मिला।
जयदान सिंह ने युवक पर साथियों के साथ मिलकर बेटे को आत्महत्या के लिए प्रेरित करने का आरोप लगाया है। थानाध्यक्ष सत्यप्रकाश का कहना है कि जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में आत्महत्या की पुष्टि हुई है। शरीर पर चोट के निशान नहीं मिले हैं।