कन्नौज। दिल्ली में चल रहे किसानों के आंदोलन और गणतंत्र दिवस को मद्देनजर रखते हुए पुलिस ने सक्रियता बढ़ा दी है। जिले की सभी सीमाओं और आगरा लखनऊ एक्सप्रेस वे पर चौकसी बढ़ा दी गई है। पुलिस नेे रविवार को सार्वजनिक स्थानों पर छापे मारकर संदिग्धों से पूछताछ की।
रविवार को पुलिस की टीमों ने जिले की सीमाओं और आगरा लखनऊ एक्सप्रेस वे के टोला प्लाजा पर गुजरने वाले वाहनों की चेकिंग कर पूछताछ की। इसके अलावा शाम को बस स्टॉप, रेलवे स्टेशन और जिले के प्रमुख स्थानों व होटल-ढाबों पर छापा मारा। होटल में ठहरने वाले लोगों से पूछताछ कर तलाशी भी ली गई। एसपी प्रशांत वर्मा ने बताया कि गणतंत्र दिवस और किसान आंदोलन के चलते चप्पे-चप्पे पर निगरानी रखी जा रही है। जिले से बाहर जाने और आने वाले लोगों की तलाशी व पूछताछ की जा रही है। गणतंत्र दिवस के मौके पर शांति व्यवस्था में दखल देने वाले व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।