कन्नौज जिले में तिर्वा कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में अजीबोगरीब मामला सामने आया है। दुल्हन एक थी और उससे ब्याह रचाने के लिए दो दूल्हे पहुंच गए। एक तय बरात के साथ आया था तो दूसरा प्रेमी खुद बरात लेकर पहुंच गया। दो-दो बरात देख लोग अचंभित रह गए। मामला पुलिस तक पहुंचा।
घंटों चली पंचायत के बाद दुल्हन ने प्रेमी का चयन किया। इधर, तय बरात के साथ पहुंचे दूल्हे को मायूस देख गांव के ही एक परिवार ने अपनी बेटी से शादी कराई। कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में गुरुवार रात सौरिख थाना क्षेत्र से दूल्हा बरात लेकर पहुंचा।
दरवाजे पर बरात पहुंचते ही जनातियों ने उनकी खातिरदारी की। सभी कार्यक्रम हो जाने के बाद जब द्वार चार कार्यक्रम होने लगा उसी दौरान दुल्हन का प्रेमी छिबरामऊ थाना क्षेत्र से बरात लेकर आ पहुंचा। प्रेमी को देख दुल्हन खुशी से झूम गई।
उसने आए दूल्हे से शादी से इंकार कर दिया। सभी कार्यक्रम होने के बाद शादी से इनकार की जानकारी लगते ही बरातियों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने प्रेमी व दुल्हन को हिरासत में ले लिया। दोनों पक्षों के बीच बातचीत होने लगी।