हादसे के बाद गमगीन बैठे परिजन।
- फोटो : KANNAUJ
तालग्राम (कन्नौज)। क्षेत्र के बिरियननगला में शनिवार को भूरा (20) ट्रैक्टर से गिर गया। उसी दौरान बोलेरो ने उसे कुचल दिया। हादसे के वक्त भूरा मुंडन संस्कार में शरीक होने जा रहा था।
बिरियन नगला निवासी हरिश्चंद्र का बेटा भूरा गांव के गजेंद्र सिंह के बेटे के मुंडन संस्कार में शरीक होने के लिए ट्रैक्टर से रोहली जहारा देवी मंदिर जा रहा था। उसी दौरान छिबरामऊ तालग्राम के हिम्मत नगला के पास दोपहर में वह ट्रैक्टर से अचानक सड़क पर गिर गया। तभी उधर से गुजर रही बोलेरो ने उसे कुचल दिया। परिजन उसे सीएचसी तालग्राम ले गए। वहां से डॉक्टर ने घायल को मेडिकल कालेज रेफर कर दिया। वहां इलाज के दौरान शाम को भूरा की मौत हो गई। उसका शव घर पहुंचा, तो कोहराम मच गया। परिजन बिलख पड़े। रिश्तेदारों ने उन लोगों को शांत कराया।
पिता ने भूरा को ट्रैक्टर से धक्का देकर गिराने व बोलेरो चालक पर जान बूझकर कुचलने का आरोप लगाया है। थाना प्रभारी राजा दिनेश सिंह ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है।